Ads Slider

भीषण गर्मी में बेजुबानों का सहारा बनी गौ सेवा समिति: प्रतिदिन 4 हजार लीटर पानी से बुझा रही प्यास,समाज से सहयोग की अपील

Mahendra Upadhyay
2 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।भीषण गर्मी के इस दौर में जहां इंसान भी तपती धूप और गर्म हवाओं से परेशान हैं, वहीं बेजुबान गौवंश और अन्य जीवों के लिए पानी की समस्या और भी गंभीर बन जाती है। ऐसे समय में शहर की गौ सेवा समिति निस्वार्थ भाव से सेवा का अनूठा उदाहरण पेश कर रही है। समिति पिछले 18 दिनों से लगातार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूम-घूमकर बेजुबान पशुओं की प्यास बुझाने का कार्य कर रही है। समिति द्वारा शहर के 35 से अधिक स्थानों पर रखी गई पानी की टंकियों में प्रतिदिन करीब 4 हजार लीटर पानी भरा जा रहा है। कई स्थानों पर स्थिति ऐसी है कि टंकियां जल्दी खाली हो जाती हैं और दिन में दूसरी बार भी पानी पहुंचाना पड़ता है।शहरवासियों के अनुसार कई जगह गौवंश पानी के वाहन का इंतजार करते दिखाई देते हैं और जैसे ही टंकियों में पानी भरा जाता है, वे तुरंत वहां पहुंच जाते हैं। यह दृश्य लोगों को भावुक भी कर रहा है और मानवता का संदेश भी दे रहा है।इस सेवा कार्य को मितेश अहीर,पार्थ जोशी और समिति के अन्य सदस्य बिना किसी स्वार्थ और निशुल्क रूप से लगातार अंजाम दे रहे हैं। भीषण गर्मी में रोजाना पानी की व्यवस्था करना आसान नहीं है। पानी,वाहन, डीजल और अन्य व्यवस्थाओं में आर्थिक खर्च भी लगातार बढ़ रहा है। कई बार समिति के सामने आर्थिक संकट की स्थिति भी खड़ी हो जाती है, लेकिन इसके बावजूद सेवा कार्य निरंतर जारी है।समिति ने शहरवासियों से अपील की है कि वे इस पुण्य कार्य में आगे आएं और दान व सहयोग के माध्यम से बेजुबान जीवों की सेवा में सहभागी बनें। गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि मानवता और संवेदनशीलता का सबसे बड़ा उदाहरण है। यदि समाज का हर व्यक्ति थोड़ा-थोड़ा सहयोग करे तो गर्मी के दिनों में कोई भी बेजुबान प्यासा नहीं रहेगा।

Share This Article