भादवामाता कॉरिडोर को 17 करोड़ की सौगात,1502 करोड़ के औद्योगिक निवेश से बदलेगी नीमच की तस्वीर,मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 15 औद्योगिक परियोजनाओं का किया भूमिपूजन-लोकार्पण, बोले- प्रदेश का नया औद्योगिक हब बनेगा नीमच
29 Jun 2026
राजनीतिक
[video width="568" height="320" mp4="https://sagarmanthannews.in/wp-content/uploads/2026/06/YouCut_20260629_181418268.mp4"][/video]
नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को नीमच प्रवास के दौरान जिले को विकास की दो बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने एक ओर भादवामाता मंदिर के सर्वांगीण विकास के लिए ₹17 करोड़ के कॉरिडोर प्रोजेक्ट की घोषणा की, वहीं दूसरी ओर ₹1502 करोड़ की लागत वाली 15 औद्योगिक परियोजनाओं का भूमिपूजन एवं लोकार्पण कर जिले को औद्योगिक विकास की नई दिशा दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि नीमच अब केवल कृषि प्रधान जिला नहीं रहेगा, बल्कि ग्रीन एनर्जी, टेक्सटाइल, एग्रो प्रोसेसिंग और आधुनिक विनिर्माण उद्योगों का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा।कार्यक्रम में 10 नई औद्योगिक इकाइयों का भूमिपूजन और 5 इकाइयों का लोकार्पण किया गया। इन परियोजनाओं से जिले में 2753 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे, जबकि परिवहन, लॉजिस्टिक्स, सेवा क्षेत्र और लघु उद्योगों में हजारों अप्रत्यक्ष रोजगार भी उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार उद्योग अनुकूल नीतियों, सिंगल विंडो सिस्टम और आधुनिक अधोसंरचना के माध्यम से निवेशकों को बेहतर वातावरण उपलब्ध करा रही है।कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण धानुका बायोटेक की लगभग 1247.71 करोड़ की सोलर टेम्पर्ड ग्लास निर्माण परियोजना रही। इसके साथ 40 मेगावाट का कैप्टिव सोलर पावर प्लांट भी स्थापित होगा, जिससे यह प्रदेश की महत्वपूर्ण हरित औद्योगिक परियोजनाओं में शामिल होगी। इसके अलावा बाबजी इंडस्ट्रियल की 150 करोड़ की पॉलिएस्टर स्टेपल फाइबर इकाई सहित बायो-सीएनजी, फूड प्रोसेसिंग, फार्मास्यूटिकल, मेडिकल डिवाइस, इंजीनियरिंग, फैब्रिकेटेड मेटल और फर्नीचर क्षेत्र की इकाइयों का शुभारंभ भी हुआ।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में नीमच जिले में विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से 7014.88 करोड़ के निवेश की संभावनाएं बनी हैं। झांझरवाड़ा औद्योगिक क्षेत्र के अधिकांश भूखंड आवंटित हो चुके हैं तथा चीताखेड़ा में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में नीमच प्रदेश के अग्रणी औद्योगिक जिलों में अपनी अलग पहचान स्थापित करेगा।अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने भादवामाता मंदिर परिसर के विकास के लिए 17 करोड़ के कॉरिडोर प्रोजेक्ट की घोषणा करते हुए कहा कि इससे धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी और क्षेत्र के व्यापार तथा रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान में नीमच के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि जिला मध्यप्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है।मुख्यमंत्री ने किसानों के लिए दिन में बिजली उपलब्ध कराने, ब्याज मुक्त ऋण, लाड़ली बहना योजना, आयुष्मान योजना, सड़क दुर्घटना सहायता योजना, सांदीपनि विद्यालय तथा गौपालन से जुड़ी योजनाओं का भी उल्लेख किया।इससे पहले केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश ऊर्जा के क्षेत्र में देश का पावर हाउस बन चुका है। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान, गरीब, युवा, छात्र और महिलाओं के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।कार्यक्रम में नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने स्वागत भाषण दिया। इसके बाद जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा, मंत्री राकेश शुक्ला, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी तथा अंत में मुख्यमंत्री ने संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान हेलीपैड पर कुछ भाजपा नेताओं को प्रवेश नहीं मिलने से नाराजगी भी देखने को मिली। वहीं लंबे इंतजार के कारण मुख्यमंत्री के भाषण के दौरान कई लोग पंडाल से निकलने लगे, जिन्हें पुलिसकर्मी रोकने का प्रयास करते रहे।