नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। सिटी थाना क्षेत्र के रेवली-देवली गांव में सोमवार दोपहर खेत में प्याज की फसल की सिंचाई कर रहे एक किसान की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बिजली के खंभे के सपोर्ट वायर (तान) में करंट प्रवाहित होने के कारण हुआ। घटना का पता करीब दो घंटे बाद परिजनों को चला,जिसके बाद पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार, 62 वर्षीय झमकलाल पिता हीरालाल नागदा सोमवार दोपहर करीब 3 बजे अपने खेत में प्याज की फसल की सिंचाई कर रहे थे। इसी दौरान कुएं के पास लगे बिजली के खंभे के सपोर्ट तार में अचानक करंट प्रवाहित हो गया।झमकलाल जैसे ही तार की चपेट में आए, तेज करंट लगने से उनका पैर तार से चिपक गया और वे खुद को बचा नहीं सके। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।परिजनों ने बताया कि काफी देर तक घर नहीं लौटने पर उन्हें तलाशने के लिए खेत पहुंचे।वहां झमकलाल बिजली के सपोर्ट तार के पास अचेत अवस्था में पड़े मिले।घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भिजवाया।पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण बिजली के खंभे के सपोर्ट वायर में करंट प्रवाहित होना बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है, वहीं बिजली विभाग से भी तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है।