नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के जावद नगर स्थित सीएम राइज स्कूल के समीप बने प्राचीन गोरखनाथ आश्रम में शुक्रवार सुबह कब्जे को लेकर विवाद हिंसक हो गया। आश्रम में निवासरत बाबा योगी मौज नाथ के साथ कुछ लोगों द्वारा बंधक बनाकर लाठी और पाइप से मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल बाबा को पहले शासकीय अस्पताल जावद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया गया। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
घायल योगी मौज नाथ पिता गुरु बृहस्पति नाथ (65 वर्ष) ने आरोप लगाया कि मोहन कुमार और गजेंद्र शर्मा अखाड़े के नाम पर गोरखनाथ आश्रम पर कब्जा करना चाहते हैं। इसी उद्देश्य से कुछ दिन पहले भी आरोपी अपने साथ कई लोगों को लेकर आश्रम पहुंचे थे और वहां बने झोपड़े, कवेलू सहित आश्रम की अन्य सामग्री में तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया था।बाबा योगी मौज नाथ का आरोप है कि शुक्रवार सुबह एक बार फिर गजेंद्र शर्मा, मोहन कुमार और उनके साथ आए करीब 10 से 12 लोग आश्रम में जबरन घुस आए। उन्होंने पहले उन्हें बंधक बनाया और फिर लाठी एवं लोहे के पाइप से हमला कर दिया। मारपीट में उनके हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आई हैं।बाबा ने बताया कि गोरखनाथ आश्रम वर्ष 1970 से स्थापित है। यहां उनके गुरु निवास करते थे, जिनका वर्ष 1991 में निधन हो गया था। आश्रम परिसर में उनके गुरु सहित तीन संतों की समाधियां बनी हुई हैं, जिनकी नियमित पूजा-अर्चना वे वर्षों से करते आ रहे हैं। उनका आरोप है कि आश्रम की भूमि पर कुछ भूमाफियाओं की नजर है और इसी कारण कब्जे की नीयत से लगातार विवाद उत्पन्न किया जा रहा है।