[video width="568" height="266" mp4="https://sagarmanthannews.in/wp-content/uploads/2026/07/YouCut_20260714_163458118.mp4"][/video] नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। मनासा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खेतपालिया के अंतर्गत आने वाले ग्राम पीपलदा पठार के ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर सड़क, शिक्षा और अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य आर. सागर कछावा भी ग्रामीणों के साथ मौजूद रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी के दशकों बाद भी गांव सड़क जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।आर. सागर कछावा ने कहा कि बारिश के मौसम में गांव का संपर्क पूरी तरह कट जाता है।यदि किसी ग्रामीण की तबीयत खराब हो जाए तो उसे समय पर अस्पताल तक पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और गंभीर मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। उन्होंने कहा कि वर्षों से सड़क निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।उन्होंने गांव के शासकीय स्कूल की बदहाल स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि स्कूल भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। ऐसे में बच्चे जान जोखिम में डालकर पढ़ाई करने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रहना पड़ रहा है।आर. सागर कछावा ने कहा कि ग्रामीण कई बार स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से सड़क एवं स्कूल की समस्या के समाधान की मांग कर चुके हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिले हैं।समस्याओं का निराकरण नहीं होने के कारण ग्रामीणों को मजबूर होकर जिला कलेक्टर के समक्ष अपनी बात रखने आना पड़ा।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से ग्राम पीपलदा पठार तक शीघ्र पक्की सड़क का निर्माण कराने,जर्जर स्कूल भवन की मरम्मत अथवा नए भवन का निर्माण कराने तथा अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो ग्राम पंचायत खेतपालिया सहित पूरे पीपलदा पठार के ग्रामीण जिला कलेक्टर कार्यालय के बाहर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करेंगे और समस्याओं के समाधान तक आंदोलन जारी रखेंगे।