नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम कनावटी में सोमवार को 40 वर्षीय विवाहिता द्वारा अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना ने उस परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया, जहां दो दिन बाद भतीजी का विवाह होना था। इधर मृतका के मायके पक्ष ने पति पर मारपीट, प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है, जबकि पति ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि वर्षों से दोनों के बीच किसी प्रकार का विवाद नहीं था।जानकारी के अनुसार ग्राम कनावटी निवासी रेखा पति सुरेश गाड़ी लोहार उम्र 40 ने सोमवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते अपने ही घर में फांसी लगा ली।घटना के समय रेखा घर में अकेली थी। बच्चे स्कूल गए हुए थे,जबकि पति काम पर गया हुआ था। बच्चों ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी पिता सुरेश को दी। इसके बाद सुरेश मौके पर पहुंचा और दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो रेखा फंदे पर लटकी हुई थी।तत्काल उसे जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया।मृतका के बड़े भाई भैरूलाल गाड़ी लोहार, निवासी सतखंड (जिला चित्तौड़गढ़) ने कैंट थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया कि रेखा का विवाह करीब 14 वर्ष पूर्व कनावटी निवासी सुरेश गाड़ी लोहार से हुआ था। विवाह के बाद दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ और पंचायत में समझौते भी हुए। उनका आरोप है कि रेखा की मौत के पीछे उसके पति का हाथ है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।वहीं पति सुरेश गाड़ी लोहार ने अपने ऊपर लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि विवाह के शुरुआती दिनों में किसी बात को लेकर विवाद जरूर हुआ था, लेकिन उसे 10 से 12 वर्ष से अधिक समय बीत चुका है। इसके बाद दोनों के बीच किसी प्रकार का कोई विवाद नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को उनकी भतीजी हेमा पिता दौलतराम का विवाह होना है। रविवार को हुए वैवाहिक दस्तूर में रेखा ने पूरे उत्साह से व्यवस्थाएं संभालीं, मेहमानों की आवभगत की और सभी कार्यक्रमों में सक्रिय रही। ऐसे में सोमवार को उसके इस कदम से पूरा परिवार स्तब्ध है और आत्महत्या के कारणों की उन्हें भी जानकारी नहीं है। मामले में पुलिस ने मार्ग कायम कार्यवाही प्रारंभ की है।