[video width="568" height="320" mp4="https://sagarmanthannews.in/wp-content/uploads/2026/06/YouCut_20260623_163305750.mp4"][/video] नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम चल्दू, तहसील जीरन निवासी किसान प्रहलाद सिंह चौहान ने कृपा बॉयो स्टील फैक्ट्री के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए प्रदूषण फैलाने के गंभीर आरोप लगाए। किसान ने कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।आवेदन में किसान ने आरोप लगाया कि कृपा बॉयो स्टील फैक्ट्री से निकलने वाला अपशिष्ट जल एवं रासायनिक पदार्थ खुले मार्ग से बहकर सार्वजनिक नदी में पहुंच रहे हैं, जिससे नदी का पानी दूषित हो रहा है। उनका कहना है कि फैक्ट्री के समीप स्थित उनकी कृषि भूमि तक भी यह प्रदूषित पानी पहुंच रहा है, जिसके कारण फसलें खराब हो रही हैं और उन्हें लगातार आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।प्रहलाद सिंह चौहान ने बताया कि दूषित पानी से पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि नदी का प्रदूषित पानी पीने से कई पालतू एवं जंगली पशुओं की मौत होने की घटनाएं भी सामने आई हैं। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।किसान का आरोप है कि इस संबंध में पूर्व में कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायतें दी गईं तथा फैक्ट्री प्रबंधन को भी अवगत कराया गया, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आशंका जताई कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो यह प्रदूषण क्षेत्र के लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।किसान ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रदूषण की वास्तविक स्थिति का परीक्षण करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने की मांग की। हालांकि आवेदन में लगाए गए आरोपों की प्रशासनिक पुष्टि और जांच अभी शेष है।