नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच जिले के सकराना घाट क्षेत्र स्थित गोल्ड क्रिस्ट सीमेंट फैक्ट्री में सोमवार सुबह एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री में काम करने वाले साथी मजदूर उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।जिला अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान देवनंदन राम पिता छेदी राम उम्र 53 वर्ष ,निवासी परसावनी खास, जिला गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है। वह वर्तमान में सकराना घाट स्थित गोल्ड क्रिस्ट सीमेंट फैक्ट्री परिसर मजदूर क्वाटर में रहकर मजदूरी करता था।बताया गया कि सोमवार सुबह देवनंदन राम अपने कमरे पर ही मौजूद था। इसी दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसे चक्कर आने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। साथी कर्मचारियों ने तत्काल उसे सुबह करीब 9:30 बजे जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।घटना की सूचना मिलते ही संबंधित थाना पुलिस जिला अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।