नीमच।महेंद्र उपाध्याय। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम धनेरिया खुर्द की एक महिला ने चोरी और लूट की घटना में पुलिस पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए शनिवार को पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि घटना को करीब एक माह बीत जाने के बावजूद आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है।ज्ञापन के अनुसार, श्यामाबाई पति विक्रम सिंह सौंधिया राजपूत, निवासी धनेरिया खुर्द ने बताया कि 1 जुलाई 2026 की रात करीब 2 बजे सगराना निवासी विजय सिंह पिता ईश्वर सिंह एवं गजेंद्र सिंह पिता गोविंद सिंह उसके घर पहुंचे। पीड़िता का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने पहले उसके पति को शराब लेने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। इसके बाद घर में रखे दो तोला सोने का टण्डा, आधा तोला सोने की कान की झुमकियां और करीब 50 ग्राम वजनी चांदी की पायजेब चोरी करने लगे।
पीड़िता के अनुसार, जब उसे आवाज सुनाई दी और वह दूसरे कमरे से बाहर आई तो उसने दोनों को चोरी करते हुए देखा। आरोप है कि विरोध करने पर दोनों ने उसके गले से सोने की चेन छीन ली, धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उसके हाथ में चोट भी आई। इसके बाद आरोपी घर से सभी आभूषण लेकर फरार हो गए।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी जिस मोटरसाइकिल से आए थे, उसका नंबर RJ-09 PS-1318 है, जो घर में लगे कैमरे में भी कैद होने का दावा किया गया है। पीड़िता ने आशंका जताई कि यदि उसे या उसके पति को कोई नुकसान होता है तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित आरोपियों की होगी।पीड़िता का आरोप है कि घटना की शिकायत संबंधित थाने में किए जाने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसी कारण उसने पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी, चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद करने तथा निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है।