नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम दलावदा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 60 वर्षीय ग्रामीण की जान चली गई। खेत में बबूल का पेड़ काटते समय संतुलन बिगड़ने से वह करीब 15 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। जिला चिकित्सालय में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह पुलिस की मौजूदगी में शव का परीक्षण(पोस्टमार्टम) कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दलावदा निवासी मांगीलाल पिता नाथूलाल भील उम्र 60 वर्ष गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे अपने खेत में बबूल का पेड़ काटने के लिए उस पर चढ़े थे। पेड़ की डालियां काटने के दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह लगभग 15 फीट की ऊंचाई से नीचे जमीन पर गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वह मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल उन्हें मोटरसाइकिल से जिला चिकित्सालय नीमच लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही नीमच सिटी थाना पुलिस जिला चिकित्सालय पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया। गुरुवार सुबह जिला चिकित्सालय में पुलिस की मौजूदगी में मृतक के शव का परीक्षण कराने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।