[video width="568" height="320" mp4="https://sagarmanthannews.in/wp-content/uploads/2026/07/YouCut_20260707_143952322.mp4"][/video] नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान उस समय अनोखा दृश्य देखने को मिला,जब ग्राम झांतला निवासी पन्नालाल पिता नाथूलाल खटीक अपनी शिकायत लेकर लोट लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा।पन्नालाल ने प्रशासन को दिए आवेदन में आरोप लगाया कि ग्राम झांतला स्थित उसकी 0.2500 हेक्टेयर कृषि भूमि पर कांतिलाल पिता नाथूलाल खटीक ने अवैध कब्जा कर रखा है। उसका कहना है कि संबंधित भूमि का सीमांकन पहले ही हो चुका है, लेकिन इसके बावजूद आज तक उसे उसकी भूमि का वास्तविक कब्जा नहीं दिलाया गया। कई बार संबंधित अधिकारियों के समक्ष शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं होने से वह परेशान है।पीड़ित ने संबंधित हल्का पटवारी पर भी गंभीर आरोप लगाए। उसने कहा कि पटवारी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर कार्रवाई नहीं कर रहा है, जिसके कारण उसे लगातार न्याय से वंचित रहना पड़ रहा है। पन्नालाल का आरोप है कि विपक्षी अपने हिस्से की भूमि अन्य लोगों को बेच चुका है, लेकिन उसकी भूमि पर अब भी अवैध रूप से कब्जा जमाए हुए है।न्याय नहीं मिलने से आहत पन्नालाल ने अपनी पीड़ा और विरोध दर्ज कराने के लिए लोट लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचने का रास्ता चुना।जनसुनवाई में उसने प्रशासन से मांग की कि उसकी भूमि से तत्काल अवैध कब्जा हटवाकर उसे वास्तविक कब्जा दिलाया जाए तथा मामले में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और अवैध कब्जाधारियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों ने फरियादी का आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।