Ads Slider

प्रधानमंत्री आवास निर्माण में बाधा का आरोप,हितग्राही ने जनसुनवाई में मांगी प्रशासनिक सुरक्षा

Mahendra Upadhyay
3 Min Read

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत मकान के निर्माण में बाधा उत्पन्न किए जाने, निजी भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास तथा परिवार को धमकाने के आरोपों को लेकर जावद निवासी एक हितग्राही ने कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर जांच की अपेक्षा जताई जा रही है।जावद के वार्ड क्रमांक 6 निवासी बलराम बाथरा ने जनसुनवाई में प्रस्तुत आवेदन में बताया कि उन्हें शासन द्वारा आवंटित पट्टे की भूमि पर प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत मकान स्वीकृत हुआ है। योजना की प्रथम किश्त भी उनके खाते में प्राप्त हो चुकी है, जिसके बाद उन्होंने मकान निर्माण कार्य प्रारंभ किया। हालांकि निर्माण शुरू होते ही कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न की जाने लगी और संबंधित भूमि पर अपना दावा जताया जाने लगा।शिकायतकर्ता के अनुसार कुछ व्यक्तियों ने निर्माण कार्य रुकवाने का प्रयास किया तथा वहां कार्य कर रहे मजदूरों को भी डराने-धमकाने की कोशिश की। आवेदन में आरोप लगाया गया है कि भूमि पर जबरन चबूतरा बनाकर खंडित मूर्ति स्थापित की गई और धार्मिक भावनाओं का सहारा लेकर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।बलराम बाथरा ने यह भी आरोप लगाया कि मकान निर्माण जारी रखने पर उन्हें झूठे मामलों में फंसाने, मकान गिराने और आग लगाने जैसी गंभीर धमकियां दी जा रही हैं। उनका कहना है कि मकान निर्माण के लिए उन्होंने ऋण लेकर निर्माण सामग्री खरीदी है और प्रधानमंत्री आवास योजना की आगामी किश्त प्राप्त करने के लिए निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा करना आवश्यक है। ऐसे में निर्माण कार्य बाधित होने से उन्हें आर्थिक और मानसिक दोनों प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए,कथित अवैध कब्जे के प्रयासों पर रोक लगाई जाए तथा मकान निर्माण कार्य को सुचारू रूप से पूरा कराने के लिए आवश्यक पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराया जाए। साथ ही शांति व्यवस्था बनाए रखने और कानून व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की गई है।

Share This Article