Ads Slider

एनओसी के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप,ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ कलेक्टर से की शिकायत

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। जिले की जीरन तहसील के ग्राम चीताखेड़ा में पदस्थ ग्राम पंचायत सचिव पर एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) जारी करने के बदले अवैध रूप से रुपए मांगने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर ग्राम चीताखेड़ा निवासी वकील नाथ ने कलेक्टर जनसुनवाई में शिकायत प्रस्तुत कर सचिव के खिलाफ जांच एवं वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।शिकायतकर्ता वकील नाथ पिता लालुनाथ ने आवेदन में बताया कि वह ग्राम चीताखेड़ा का स्थायी निवासी है तथा उसके स्वामित्व का एक मकान गांव में स्थित है। उन्होंने बताया कि पूर्व में मकान पर ऋण प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत से एनओसी प्राप्त की गई थी। वर्तमान में ऋण की राशि बढ़ाने और ऋण का नवीनीकरण (रिन्यूअल) करवाने के लिए उन्हें पुनः ग्राम पंचायत से एनओसी की आवश्यकता थी।आवेदन के अनुसार जब वह एनओसी प्राप्त करने के लिए ग्राम पंचायत पहुंचे तो वहां पदस्थ सचिव घनश्याम ने खर्च के नाम पर एक हजार रुपए की मांग की। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सचिव के कहने पर उन्होंने उक्त राशि मोबाइल नंबर 9407101055 पर ऑनलाइन ट्रांसफर भी कर दी। इसके बावजूद उन्हें एनओसी जारी नहीं की गई।वकील नाथ का कहना है कि राशि देने के बाद भी सचिव लगातार उन्हें टालमटोल करता रहा और कई बार चक्कर लगाने के बावजूद एनओसी उपलब्ध नहीं कराई गई। शिकायत में उल्लेख किया गया है कि 29 मई 2026 को जब वह दोबारा एनओसी लेने पहुंचे तो सचिव ने 40 हजार रुपए की अतिरिक्त मांग कर दी। शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने इतनी बड़ी राशि देने का कारण पूछा तो सचिव ने कहा कि यदि एनओसी चाहिए तो रुपए देने होंगे, अन्यथा न तो एनओसी मिलेगी और न ही ऋण का नवीनीकरण हो पाएगा।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि रुपए देने से इनकार करने पर सचिव ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और धमकी भरे लहजे में कहा कि “जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”शिकायतकर्ता ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित रिश्वतखोरी एवं अनियमितता के आरोपों की पड़ताल करने तथा दोषी पाए जाने पर संबंधित सचिव के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने ग्राम पंचायत से शीघ्र एनओसी दिलाए जाने का अनुरोध भी किया है, ताकि वह अपने मकान से संबंधित ऋण नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी कर सकें।

Share This Article