नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत गायत्री मंदिर रोड स्थित राधा कृष्ण सामुदायिक भवन में आयोजित एक मुंडन संस्कार कार्यक्रम उस समय हिंसक झड़प में बदल गया, जब दो लोगों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट में तब्दील हो गया।सागर मंथन विवाद इतना बढ़ा कि दोनों ओर से लाठी-डंडे, पत्थर और लात घूंसे चलने लगे,जिससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में करीब 5 से 6 लोग घायल बताए जा रहे हैं।जानकारी के अनुसार भागेश्वर मंदिर के समीप स्थित बस्ती निवासी कन्हैयालाल पिता प्रभुलाल मेंदावत के पुत्र देव मेंदावत का मुंडन संस्कार कार्यक्रम शुक्रवार को राधा कृष्ण सामुदायिक भवन में आयोजित किया गया था।सागर मंथन कार्यक्रम में नीमच, मंदसौर, प्रतापगढ़ और चित्तौड़ सहित कई स्थानों से मेहमान पहुंचे हुए थे। इसी दौरान राजूलाल पिता नाथूलाल निवासी कनावटी और कन्हैयालाल पिता भेरूलाल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआती बहस कुछ ही देर में हाथापाई में बदल गई। दोनों पक्षों के लोग बीच-बचाव के लिए पहुंचे, लेकिन मामला शांत होने की बजाय और बिगड़ गया। देखते ही देखते मेहमान भी आपस में भिड़ गए और दोनों पक्षों की ओर से जमकर लाठी-डंडे व पत्थर चलने लगे।घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस दोनों पक्षों को थाने लेकर पहुंची, जहां समाचार लिखे जाने तक शिकायत दर्ज करने की कार्रवाई जारी थी। वहीं घायलों का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। बताया जा रहा है कि थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बनती रही, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर शांत कराया।







