नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जिला कांग्रेस कमेटी के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के शुभारंभ अवसर पर नीमच पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की मोहन यादव सरकार पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में देशवासियों को अच्छे दिन, रोजगार और आर्थिक समृद्धि के जो सपने दिखाए गए थे, वे आज धरातल पर दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसके विपरीत बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम जनता परेशान है।जीतू पटवारी ने कहा कि मंदसौर-नीमच क्षेत्र का कांग्रेस की विचारधारा और संगठन से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे प्रशिक्षण शिविरों का उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और कार्यकर्ताओं को वैचारिक रूप से तैयार करना है, ताकि कांग्रेस की नीतियां और विचार गांव-गांव तक पहुंच सकें।उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर उनके अधिकारों और समस्याओं के लिए संघर्ष करने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कांग्रेस आने वाले समय में किसानों, युवाओं, महिलाओं और गरीब वर्ग के मुद्दों को और अधिक मजबूती से उठाएगी।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की हालिया टिप्पणी पर कटाक्ष करते हुए पटवारी ने कहा कि विपक्ष की प्रभावी भूमिका निभाने के कारण उन्हें एक प्रकार का “मेडल” मिला है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में पद की गरिमा और भाषा की मर्यादा का विशेष महत्व होता है।सत्ता में बैठे लोगों को संयम और शालीनता का परिचय देना चाहिए।प्रदेश में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि जहां भी भ्रष्टाचार के आरोप सामने आते हैं, वहां निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में जनहित के मुद्दों की अनदेखी हो रही है और जनता अब बदलाव का मन बना चुकी है।पटवारी ने कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका पूरी जिम्मेदारी और मजबूती के साथ निभा रही है। जनता की आवाज को दबाने का हर प्रयास विफल होगा और कांग्रेस सड़क से सदन तक जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
प्रशिक्षण शिविर में जिलेभर के कांग्रेस पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। शिविर में संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर विभिन्न सत्र आयोजित किए जा रहे हैं।
मोदी सरकार के ‘अच्छे दिन’ पर पटवारी का हमला: बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार ने तोड़े जनता के सपने नीमच में गरजे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, बोले- जनता बदलाव चाहती है, कांग्रेस हर मोर्चे पर लड़ाई लड़ेगी







