नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के सिंगोली रोड स्थित सुलाबावजी के समीप सड़क किनारे एक खेत में बुधवार सुबह 25 वर्षीय युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और जांच शुरू करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सिंगोली अस्पताल भिजवाया गया परन्तु बाद में चिकित्सकों के पैनल द्वारा जिला चिकित्सालय नीमच में शव का पोस्टमार्टम किया गया।सागर मंथन मृतक की पहचान दयाल सिंह पिता कमल सिंह उम्र 25 निवासी ग्राम उगरान, थाना जीरन के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर चालक के रूप में कार्य करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दयाल सिंह का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिला, जबकि उसके दोनों पैर भी रस्सी से बंधे हुए थे। शरीर पर चोट के निशान होने की बात भी सामने आई है, जिससे परिजनों ने मामले को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।देर शाम परिजन शव को लेकर जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचे, जहां सूचना मिलने पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष तरुण बाहेती भी पहुंचे और परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।मृतक के अंकल विक्रम सिंह, बड़े भाई नारायण सिंह तथा परिजन दारा सिंह ने सागर मंथन को बताया कि दयाल सिंह का इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवती से परिचय हुआ था,जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गया।उनका आरोप है कि इसी संबंध को लेकर कुछ समय पहले मंदसौर टोल टैक्स के पास दयाल के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद भी उसे लगातार परेशान किया जाता रहा।परिजनों का कहना है कि घटना से दो-तीन दिन पहले भी कुछ लोग दयाल को डराने और धमकाने पहुंचे थे। दयाल काफी भयभीत था और उसने परिजनों को बताया था कि संबंधित युवती द्वारा भी उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। हालांकि उसने पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी किसी को नहीं दी थी।परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह पुलिस से सूचना मिली कि दयाल सिंह का शव सिंगोली थाना क्षेत्र में सुलाबावजी के पास खेत में पेड़ पर लटका मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या का मामला है और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। परिजनों ने घटना से संबंधित कुछ साक्ष्य भी पुलिस को दिए हैं मृतक का मोबाइल भी पुलिस ने अपनी जप्ती में लिया है पोस्टमार्टम के बाद भी परिजन जिला चिकित्सालय परिसर में न्याय की मांग को लेकर डटे रहे। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिलेगा, तब तक वे शव नहीं उठाएंगे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।







