नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। शहर के व्यस्ततम पुस्तक बाजार क्षेत्र में दिनदहाड़े स्कूटी चोरी की घटना सामने आने से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। चोर दुकान के बाहर खड़ी स्कूटी को कुछ ही मिनटों में लेकर फरार हो गया। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, नीमच निवासी अमन मित्तल रविवार को पुस्तक बाजार स्थित अपनी दुकान संतोष टेंट हाउस पर पहुंचे थे।उन्होंने अपनी सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक एमपी-44-एमएल-7969 को बजाज बिल्डिंग के सामने लॉक कर खड़ा किया था। दुकान पर कामकाज में व्यस्त रहने के दौरान उन्हें स्कूटी की कोई चिंता नहीं थी,लेकिन कुछ समय बाद जब वे बाहर निकले तो उनकी स्कूटी वहां से गायब मिली।स्कूटी नहीं मिलने पर अमन मित्तल ने आसपास के दुकानदारों और परिचितों से जानकारी ली तथा क्षेत्र में काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक संदिग्ध युवक स्कूटी के पास आता दिखाई देता है और कुछ देर बाद उसे लेकर मौके से निकल जाता है। घटना स्पष्ट रूप से कैमरे में रिकॉर्ड होने के बाद मामले की गंभीरता बढ़ गई है।पीड़ित ने कैंट थाना पहुंचकर चोरी की शिकायत दर्ज कराई और स्कूटी बरामद करने के साथ आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर लिया है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात चोर की पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना से पुस्तक बाजार के व्यापारियों में रोष व्याप्त है। व्यापारियों का कहना है कि शहर के सबसे व्यस्त बाजारों में शामिल इस क्षेत्र में लगातार लोगों की आवाजाही रहती है, इसके बावजूद चोरों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।







