नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के ग्राम भरभड़िया का प्रमुख संपर्क मार्ग अतिक्रमण की चपेट में आने से ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को ग्रामीण कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर सड़क एवं नाले से अतिक्रमण हटाने तथा मार्ग को पुनः सुचारु करने की मांग की।ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2004-05 में शासन द्वारा नायरा पेट्रोल पंप से ग्राम भरभड़िया तक लगभग एक किलोमीटर लंबी संपर्क सड़क का निर्माण कराया गया था। यह मार्ग गांव के लोगों के लिए जीवनरेखा की तरह है, जिसका उपयोग किसान, ग्रामीण, स्कूली छात्र-छात्राएं तथा श्मशान, ईदगाह और अन्य सार्वजनिक स्थलों तक पहुंचने के लिए प्रतिदिन करते हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ लोगों ने सड़क किनारे बने नाले एवं शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर सड़क को संकरा कर दिया है। इसके कारण दो वाहनों का एक साथ निकलना मुश्किल हो गया है और आवागमन बाधित हो रहा है। कई स्थानों पर मार्ग की चौड़ाई कम होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है।ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में हालात और अधिक गंभीर हो जाते हैं। नालों का पानी ठीक से निकासी नहीं होने से सड़क पर जलभराव की स्थिति बन जाती है। किसानों को ट्रैक्टर, ट्रॉली और कृषि उपकरण लेकर खेतों तक पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, जिससे कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। जनसुनवाई में ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की कि सड़क एवं नाले से तत्काल अतिक्रमण हटाकर उनका पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को सुरक्षित, सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सके तथा भविष्य में किसी अप्रिय घटना की आशंका समाप्त हो।







