नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच जिले की जावद तहसील के ग्राम कानका में बुधवार सुबह दो बीघा जमीन के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद में हुए हिंसक हमले में 50 वर्षीय पूरणमल राठौर की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी संपत बाई और पुत्र जीवन राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सागर मंथन वहीं मृतक के परिजन न्याय की मांग को लेकर जिला अस्पताल में धरने पर बैठ गए हैं और समाचार लिखे जाने तक शव लेने को तैयार नहीं थे।जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ।मृतक पक्ष का आरोप है कि पूरणमल राठौर के भाई रामनिवास राठौर ने सुनियोजित तरीके से बाहरी लोगों को बुलाकर हमला करवाया। परिजनों के अनुसार हमलावर हथियारों से लैस होकर पहुंचे और सबसे पहले परिवार के सदस्यों की आंखों में लाल मिर्च पाउडर फेंका। इसके बाद कुल्हाड़ी, चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया।
हमले में पूरणमल राठौर पिता बद्रीलाल राठौर (50 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए और सिर पर किए गए जानलेवा वार के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनकी पत्नी संपत बाई राठौर (48 वर्ष) को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल से उदयपुर रेफर किया गया है।सागर मंथन वहीं पुत्र जीवन राठौर (23 वर्ष) का उपचार नीमच के निजी श्रीराम अस्पताल में जारी है।मृतक की पुत्री वंदना राठौर ने आरोप लगाते हुए सागर मंथन को बताया कि उसके पिता को धोखे से कुएं पर बुलाया गया था, जहां पहले से हमला करने की साजिश रची गई थी। उसने सागर मंथन को बताया कि हमलावरों ने पहले मिर्च पाउडर डालकर पिता को गिराया, फिर उनके हाथ-पैर तोड़ दिए और सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वंदना का आरोप है कि उसकी मां और भाई पर भी बेरहमी से हमला किया गया।वंदना राठौर ने आरोप लगाया कि इस हत्याकांड में उसके चाचा रामनिवास राठौर, उनकी पत्नी खुशबू राठौर, पुत्र विराट राठौर, पुत्रियां राजनंदनी राठौर और रितिक राठौर, उनके साले अर्जुन और संजय सहित अन्य लोग शामिल थे। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।मृतक पक्ष का यह भी आरोप है कि जमीन विवाद को लेकर पूर्व में कई बार पुलिस को शिकायतें दी गई थीं तथा जान से मारने की धमकियों की जानकारी भी दी गई थी, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से यह खूनी वारदात हो गई।
इधर,घटना के बाद परिजनों का आक्रोश लगातार बढ़ता गया। समाचार लिखे जाने तक बड़ी संख्या में परिजन और समाजजन जिला अस्पताल पुलिस चौकी के बाहर एकत्रित थे। परिजनों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती और आरोपियों के मकानों पर प्रशासनिक कार्रवाई नहीं की जाती, तब तक वे शव नहीं ले जाएंगे। परिजन आरोपियों के मकान ध्वस्त करने तथा कठोर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।जिला अस्पताल परिसर में प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाने और कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देने का प्रयास किया जा रहा था। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है तथा आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं पूरे घटनाक्रम की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है और परिजन दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इस मामले को लेकर नीमच एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल ने सागर मंथन को जानकारी देते हुए बताया कि नयागांव चौकी के अंतर्गत आने वाले ग्राम कनका में पारिवारिक जमीन विवाद मैं हत्या की जानकारी मिली है इसमें मृतक पूरन राठौर उम्र 52 वर्ष है को मौत हुई है, पारिवारिक झगड़े के कारण यह विवाद हुआ है इसमें पुलिस द्वारा इन्वेस्टिगेशन की जा रही है परिवार के बयान व तथ्य के आधार पर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष: सगे भाई पर हत्या की साजिश का आरोप, एक की मौत, पत्नी-पुत्र गंभीर घायल,न्याय की मांग पर अड़े परिजन,आरोपियों की गिरफ्तारी और मकान ध्वस्त करने की मांग; शव लेने से किया इंकार







