Ads Slider

भाटखेड़ी में आधी रात ‘सेंधमार गैंग’ का आतंक, दीवार तोड़कर लाखों की नकदी-जेवर और खसखस(पोस्ता) दाना ले उड़े बदमाश

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।जिले के मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम भाटखेड़ी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा मामले में अज्ञात बदमाशों ने एक मकान की पीछे की दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपए की नकदी, सोने-चांदी के जेवरात सहित कृषि उपज पर भी हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार भाटखेड़ी निवासी प्रकाश पिता घीसालाल धनगर ने मनासा थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि उसका मकान गांव में पाटीदार धर्मशाला के पीछे स्थित है। 23 मई की रात परिवार के सभी सदस्य घर में सो रहे थे। देर रात करीब 3 बजे पत्नी की नींद खुली तो घर के अंदर हलचल दिखाई दी। जब परिवार ने कमरे में जाकर देखा तो दीवार में बड़ा छेद बना हुआ था और पूरा सामान बिखरा पड़ा था।चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी और कीमती जेवरात चोरी कर लिए। बदमाश करीब 20 ग्राम सोने के कंगन, 20 ग्राम सोने की चैन, 15 ग्राम सोने के टॉप्स, 800 ग्राम चांदी के कड़े, 350 ग्राम चांदी के बर्तन तथा 500 ग्राम चांदी की पायजेब सहित अन्य जेवरात अपने साथ ले गए। इसके अलावा घर में रखे करीब 2 लाख 90 हजार रुपए नकद भी चोरी कर लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि बदमाश करीब 1 क्विंटल 60 किलो खसखस दाना भी उठा ले गए।घटना की सूचना मिलते ही मनासा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

Share This Article