नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर में बढ़ते अतिक्रमण और उससे उत्पन्न हो रही यातायात व सुरक्षा संबंधी समस्याओं को देखते हुए नगर पालिका नीमच ने शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। नगर पालिका की टीम ने डाक बंगला क्षेत्र, इंदिरानगर तथा भगवानपुर मुख्य मार्ग पर स्थित बड़े नालों के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाया।जानकारी के अनुसार इन क्षेत्रों में लंबे समय से सड़क के दोनों ओर बने नालों पर फूल विक्रेताओं, चाट-फुल्की,पतासे, फल एवं सब्जी विक्रेताओं द्वारा ठेले और गुमटियां रखकर व्यवसाय किया जा रहा था। इससे न केवल नालों का उपयोग प्रभावित हो रहा था, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भी दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।सागर मंथन इस संबंध में नगर पालिका को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं।शिकायतों के निराकरण के लिए नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देश पर नगर पालिका अधिकारी टेकचंद बुनकर,महावीर जैन, हेमंत सिसोदिया, हेमंत कलोसिया सहित नगर पालिका का अमला मौके पर पहुंचा। कार्रवाई के दौरान पहले अतिक्रमणकारियों को समझाइश दी गई और नालों से अपना सामान हटाने के निर्देश दिए गए। इसके बाद नगर पालिका टीम ने एक गुमटी, सिंटेक्स की टंकी तथा सड़क किनारे लगाए गए होर्डिंग जब्त किए।नगर पालिका अधिकारी टेकचंद बुनकर ने सागर मंथन को बताया कि नालों पर अतिक्रमण किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। अतिक्रमण के कारण दुर्घटनाओं की संभावना बनी हुई थी, इसलिए यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका द्वारा अभियान लगातार जारी रहेगा तथा सार्वजनिक स्थानों और नालों पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।







