नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। नीमच जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत बावल-चोकानखेड़ा मार्ग पर शुक्रवार दोपहर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अंकुर पिता विनोद गर्ग,निवासी चौकन्ना बालाजी के पीछे बंगला न 59 कमल अग्रसेन भवन के पास के रूप में हुई है। हादसे के बाद युवक काफी देर तक सड़क पर घायल अवस्था में तड़पता रहा, लेकिन उसे समय पर सहायता नहीं मिल सकी।प्राप्त जानकारी के अनुसार अंकुर गर्ग सेनेटरी का कार्य करता था और उसी के काम से जावद सुआखेड़ा की ओर गया हुआ था तभी बावल-चोकानखेड़ा मार्ग से गुजर ने के दौरान एक अज्ञात वाहन चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकुर गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। सागर मंथन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक घायल युवक मौके पर ही पड़ा रहा, लेकिन उसे तत्काल कोई मदद नही मिली और न ही समय पर एम्बुलेंस पहुंच सकी।बाद में घटना की सूचना मिलने पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल अंकुर को जावद शासकीय अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया। नीमच पहुंचने पर डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया,लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।अंकुर की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में परिजनों और मित्रों की भीड़ उमड़ पड़ी।पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा,जावद थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फरार वाहन व चालक की तलाश में जुटी हुई है।







