नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त किए जाने के विरोध में मंगलवार को युवक कांग्रेस एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया, चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की तथा सांकेतिक रूप से चुनाव आयोग का सजीव पुतला बनाकर उसे बेड़ियों में जकड़कर विरोध दर्ज कराया।प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मन्नू (मनमोहन) बना के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन कलेक्टर प्रतिनिधि को सौंपा गया। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन तकनीकी आधारों पर निरस्त किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। ज्ञापन में मांग की गई कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।युवक कांग्रेस ने ज्ञापन में कहा कि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी होना लोकतंत्र की मूल भावना है। यदि राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जाता है तो इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह खड़े होते हैं। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए निष्पक्षता बनाए रखने की मांग की।ज्ञापन सौंपने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्टर कार्यालय के बाहर मुख्य मार्ग पर चुनाव आयोग का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश व्यक्त किया।प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती, महिला कांग्रेस अध्यक्ष आशा सांभर, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मन्नू बना, बृजेश मित्तल, भानु प्रताप राठौर, बबली तंवर,सहित सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा और जनमत के सम्मान के लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।







