नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के मामले को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। शुक्रवार को नीमच के टाउन हॉल में आयोजित पत्रकार वार्ता में नगर पालिका अध्यक्ष एवं भाजपा की मीडिया पैनलिस्ट स्वाति चोपड़ा ने आरोप लगाया कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होना कांग्रेस की गंभीर लापरवाही, महिला विरोधी सोच और पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी कलह का परिणाम है।स्वाति चोपड़ा ने कहा कि कांग्रेस सार्वजनिक मंचों पर नारी सम्मान और महिला सशक्तिकरण की बातें करती है, लेकिन व्यवहार में महिलाओं के प्रति उसका रवैया विरोधाभासी रहा है। उन्होंने कहा कि मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाओं के अनुरूप नहीं भरा गया, जिसके कारण उसे निरस्त किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि नामांकन पत्र में महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया गया और यह पूरी तरह कांग्रेस नेतृत्व एवं उसके विधि सलाहकारों की लापरवाही को दर्शाता है।चोपड़ा ने कहा कि जिस प्रकार से नामांकन प्रक्रिया में आवश्यक जानकारी का समुचित उल्लेख नहीं किया गया, वह गंभीर चूक है।उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के भीतर ही ऐसे लोग सक्रिय थे, जिन्होंने मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा पहुंचने से रोकने का काम किया। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस वास्तव में उन्हें राज्यसभा भेजना चाहती तो नामांकन प्रक्रिया में कोई त्रुटि नहीं होती।पत्रकार वार्ता में स्वाति चोपड़ा ने तेलंगाना से जुड़े एक मामले का भी उल्लेख करते हुए कहा कि एक महिला कांग्रेस कार्यकर्ता द्वारा लगाए गए आरोपों से संबंधित प्रकरण का उल्लेख नामांकन पत्र में नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि किसी भी संवैधानिक प्रक्रिया में तथ्यों को छिपाना उचित नहीं माना जा सकता और इसी कारण निर्वाचन आयोग द्वारा लिया गया निर्णय सही साबित हुआ है।उन्होंने बताया कि मीनाक्षी नटराजन द्वारा इस मामले में दायर याचिका भी सुप्रीम कोर्ट में खारिज हो चुकी है। चोपड़ा ने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 329(बी) के तहत निर्वाचन आयोग के निर्णयों का विशेष महत्व है और उनका सम्मान किया जाना चाहिए।भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जबकि कांग्रेस का महिलाओं के प्रति रिकॉर्ड सवालों के घेरे में रहा है। उन्होंने महिला आरक्षण और महिला सम्मान के मुद्दों पर भी कांग्रेस की आलोचना की।पत्रकार वार्ता में मीना जायसवाल, हेमलता धाकड़, निलेश पाटीदार, मनोज माहेश्वरी,अरुणा तलरेजा सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।







