नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जिला कांग्रेस कमेटी अनुसूचित जाति विभाग द्वारा शनिवार को कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन नीमच पर एक दिवसीय प्रशिक्षण एवं कार्यकारिणी बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर के पदाधिकारी,नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाना तथा आगामी चुनावों को देखते हुए कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने की रणनीति तैयार करना रहा।
जिला अध्यक्ष राकेश जावरिया ने बताया कि यह नवगठित कार्यकारिणी की पहली बैठक है। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से पदाधिकारियों को संगठन विस्तार, जनसंपर्क और बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति विभाग का लक्ष्य पंचायत स्तर तक संगठन का विस्तार करना है। इसके लिए जल्द ही पंचायत एवं गांव स्तर पर पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी तथा नियमित बैठकें और कैडर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति समाज का एक बड़ा वोट बैंक विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर बंटा हुआ है। कांग्रेस का प्रयास है कि समाज के लोगों को पार्टी की नीतियों और विचारधारा से जोड़कर पुनः कांग्रेस के साथ जोड़ा जाए। इसके लिए गांव-गांव जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा और समाज के बीच संगठन को सक्रिय बनाया जाएगा।प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ कांग्रेस नेता कमल कदम, मनोहर आंब एवं महेश बिरवाल ने उपस्थित पदाधिकारियों को संगठन संचालन, कार्यकर्ता समन्वय, जनसंपर्क और पार्टी की नीतियों के प्रचार-प्रसार संबंधी विषयों पर प्रशिक्षण दिया। वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पदाधिकारियों ने भी अपने सुझाव रखे और संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की। कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।
अनुसूचित जाति कांग्रेस का एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न,संगठन मजबूती पर हुआ मंथन







