Ads Slider

कांग्रेस का संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन: दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में जुटेंगे कई दिग्गज नेता

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने तथा कार्यकर्ताओं को वैचारिक और संगठनात्मक रूप से सशक्त करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 2 एवं 3 जून को मंगलम रिसोर्ट में दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। करीब एक दशक बाद जिले में इस स्तर का बड़ा प्रशिक्षण शिविर आयोजित होने जा रहा है, जिसे लेकर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने बताया कि शिविर में जिलेभर के मंडल अध्यक्ष,ब्लॉक अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष तथा संगठन के प्रमुख पदाधिकारी भाग लेंगे। लगभग 110 प्रतिनिधियों की सहभागिता प्रस्तावित है। प्रशिक्षण शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओं को कांग्रेस की विचारधारा,संगठन की कार्यप्रणाली,जनसंपर्क कौशल,नेतृत्व क्षमता और संगठन विस्तार से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।उन्होंने बताया कि शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन, प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी सहित कई वरिष्ठ नेता विभिन्न सत्रों में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस की नीतियों, जनहित के मुद्दों,संगठनात्मक चुनौतियों और आगामी राजनीतिक रणनीतियों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी को लेकर दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी मुख्यमंत्री के राजनीतिक संस्कारों को प्रदर्शित करती है। बाहेती ने कहा कि जीतू पटवारी लगातार प्रदेशभर में जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं और सरकार की नीतियों तथा कमियों को उजागर कर रहे हैं, जिससे भाजपा नेतृत्व असहज है।बाहेती ने विश्वास जताया कि यह प्रशिक्षण शिविर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नई वैचारिक दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने बताया कि आयोजन की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह शिविर न केवल संगठनात्मक मजबूती का आधार बनेगा, बल्कि आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिए कार्यकर्ताओं को नई प्रेरणा और रणनीतिक समझ भी प्रदान करेगा।

Share This Article