Ads Slider

शासकीय नाले पर खंभे गाड़ने के आरोपों से घिरा गोल्ड क्रेस्ट फैक्ट्री निर्माण, प्रबंधन बोला- सभी कार्य अनुमति अनुसार,विकास कार्य मे किसान ओर ग्रामीण करे सहयोग

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले में निर्माणाधीन गोल्ड क्रेस्ट फैक्ट्री ठेकेदार पर ग्रामीणों और किसानों ने फैक्ट्री निर्माण कार्य के दौरान शासकीय नाले एवं सार्वजनिक जल निकासी मार्ग से जुड़ी भूमि पर हस्तक्षेप किए जाने के आरोप लगाए हैं। हालांकि फैक्ट्री प्रबंधन ने इन आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया है कि निर्माण से जुड़ा प्रत्येक कार्य आवश्यक अनुमतियों के अनुरूप किया जा रहा है तथा किसानों की किसी भी समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा,किसान व ग्रामीण भी विकास निर्माण कार्य मे सहयोग प्रदान करे।क्षेत्र के लोगों का कहना है कि प्राकृतिक जल स्रोतों, नालों और सार्वजनिक जल निकासी मार्गों के संरक्षण को लेकर विभिन्न न्यायालय समय-समय पर महत्वपूर्ण निर्देश जारी कर चुके हैं। ऐसे में मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने के लिए राजस्व अभिलेखों और निर्माण कार्य की वैधानिकता की जांच आवश्यक है। हालांकि वर्तमान मामले में आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
उल्लेखनीय है कि गोल्ड क्रेस्ट फैक्ट्री निर्माण को लेकर पूर्व में भी किसानों और ग्रामीणों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा चुका है। करीब दो दिनों तक चले आंदोलन में ग्रामीणों ने खेतों तक पहुंचने वाले पारंपरिक मार्ग को सुरक्षित रखने, स्थानीय लोगों को रोजगार देने तथा जनसुविधाओं को प्रभावित नहीं करने की मांग उठाई थी। मामला बढ़ने पर जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा था, जिसके बाद समाधान का रास्ता निकाला गया था।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान में बड़े पैमाने पर जारी निर्माण कार्य के दौरान कुछ स्थानों पर शासकीय एवं पड़त भूमि के उपयोग को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि भूमि संबंधी मामलों में सामान्यतः कार्रवाई राजस्व विभाग के माध्यम से होती है, लेकिन इस प्रकरण में पुलिस की भूमिका को लेकर भी क्षेत्र में चर्चाएं हैं। किसानों का कहना है कि विवाद और संभावित दबाव के कारण कई लोग खुलकर सामने नहीं आ पा रहे हैं।

*फैक्ट्री प्रबंधन का पक्ष*

इस संबंध में गोल्ड क्रेस्ट फैक्ट्री के अधिकारी दिनेश पांडे ने दूरभाष पर चर्चा के दौरान बताया कि फैक्ट्री निर्माण में किसी भी प्रकार का कार्य बिना अनुमति के नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी किसान या ग्रामीण को किसी प्रकार की समस्या है तो उनकी बात सुनी जाएगी और उसका उचित निराकरण भी किया जाएगा।फेक्ट्री का निर्माण अभी जारी है। प्रबंधन का दावा है कि निर्माण कार्य सभी आवश्यक नियमों एवं स्वीकृतियों के अनुरूप संचालित किया जा रहा है।

Share This Article