नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जिले के अंतर्गत नगर परिषद कुकड़ेश्वर में ईमानदारी और नैतिक मूल्यों की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। कुकड़ेश्वर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में एक महिला ग्राहक ने बैंक से गलती से मिली अतिरिक्त राशि वापस लौटाकर समाज के सामने ईमानदारी का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है।जानकारी के अनुसार कुण्डालिया निवासी कारी गुर्जर पति अवधेश गुर्जर बैंक से नगद राशि निकालने पहुंची थीं। बैंक कैशियर द्वारा उन्हें कुल 4 लाख 51 हजार रुपये प्रदान किए जाने थे, लेकिन गिनती के दौरान हुई त्रुटि के कारण उन्हें 5 लाख 51 हजार रुपये दे दिए गए। राशि प्राप्त करने के बाद कारी गुर्जर अपने घर पहुंचीं और वहां दोबारा पैसों की गिनती की। गिनती के दौरान उन्हें पता चला कि बैंक द्वारा उन्हें निर्धारित राशि से 1 लाख रुपये अधिक दे दिए गए हैं।
अतिरिक्त राशि मिलने की जानकारी होते ही कारी गुर्जर ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बिना किसी विलंब के कुकड़ेश्वर स्थित स्टेट बैंक शाखा पहुंचकर बैंक प्रबंधक निर्मल रावत को पूरी स्थिति से अवगत कराया और अतिरिक्त मिले एक लाख रुपये वापस लौटा दिए।कारी गुर्जर की इस सराहनीय ईमानदारी से बैंक प्रबंधन भी प्रभावित हुआ। बैंक प्रबंधक निर्मल रावत ने उनका सम्मान करते हुए उन्हें पुरस्कार प्रदान किया तथा धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में इस प्रकार की ईमानदारी दुर्लभ है और कारी गुर्जर का यह कार्य समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उनके इस कदम की प्रशंसा की।लोग कारी गुर्जर की सत्यनिष्ठा एवं ईमानदारी की सराहना कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ऐसे उदाहरण समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य करते हैं और नई पीढ़ी को सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
कुकड़ेश्वर में ईमानदारी की मिसाल: बैंक से अतिरिक्त मिले 1 लाख रु लौटाकर महिला ने जीता सबका दिल







