नीमच।महेन्द्र उपाध्याय। देश सेवा का सपना साकार करने वाले नीमच जिले के नवचयनित अग्निवीरों एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में चयनित युवतियों के सम्मान में शुक्रवार को शहर में भव्य समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहीद पार्क से एक विशाल वाहन रैली निकाली गई, जिसने पूरे शहर में देशभक्ति और उत्साह का माहौल बना दिया।वाहन रैली में बड़ी संख्या में युवा, पूर्व सैनिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए। तिरंगे और देशभक्ति के नारों के साथ रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई मेसी शोरूम पहुंची,जहां चयनित युवाओं का पुष्पमालाओं, सम्मान-पत्रों एवं स्मृति चिह्नों के साथ अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नीमच विधायक ने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि जिले के युवाओं ने अपनी मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कोई भी सफलता दूर नहीं होती। उन्होंने कहा कि अग्निवीर और आरपीएफ में चयनित ये युवा नीमच, मध्यप्रदेश और देश का गौरव हैं तथा उनकी उपलब्धि अन्य युवाओं को भी प्रेरित करेगी।इस अवसर पर उपस्थित पूर्व सैनिकों ने भी नवचयनित युवाओं का सम्मान किया और उन्हें राष्ट्र सेवा,अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा तथा समर्पण का संदेश दिया। पूर्व सैनिकों ने अपने सैन्य जीवन के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को देश की सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा दी।जानकारी के अनुसार इस वर्ष नीमच जिले से 91 युवाओं का अग्निवीर योजना के अंतर्गत चयन हुआ है। इनमें से करीब 40 नवचयनित अग्निवीरों एवं आरपीएफ में चयनित युवतियों का सार्वजनिक रूप से सम्मान किया गया।सम्मानित युवाओं ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित कोचिंग, कठोर शारीरिक प्रशिक्षण, अनुशासित दिनचर्या और निरंतर परिश्रम को दिया। विशेष बात यह रही कि चयनित अधिकांश युवा ग्रामीण अंचलों से हैं, जिन्होंने सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति और अथक मेहनत के बल पर सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।







