नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। वीर शहीदों की स्मृति और स्वतंत्रता संग्राम में नीमच के ऐतिहासिक योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा बुधवार को नीमच गौरव दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद पार्क स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर किया गया। इसके साथ ही पौधारोपण और स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश भी दिया गया।नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने प्रातः 8 बजे शहीद पार्क पहुंचकर शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया और वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों ने उस ऐतिहासिक बरगद के वृक्ष पर भी पुष्पांजलि अर्पित की, जिस पर स्वतंत्रता संग्राम के दौरान क्रांतिकारियों को फांसी दी गई थी।श्रद्धांजलि कार्यक्रम के पश्चात शहीद पार्क परिसर में पौधारोपण किया गया। अतिथियों ने स्वयं पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं हाथों में झाड़ू लेकर पार्क परिसर की सफाई कर स्वच्छता अभियान में भी भागीदारी निभाई। इस दौरान नागरिकों को स्वच्छ और हरित नीमच बनाने का संकल्प दिलाया गया।कार्यक्रम में डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम पराग जैन, चंद्र सिंह धारवे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया, अखिल भारतीय भूतपूर्व सैनिक सेवा परिषद के सदस्य, नगर पालिका पार्षद, एल्डरमैन, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।गौरतलब है कि वर्ष 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के दौरान मध्य प्रदेश में क्रांति की पहली गोली 3 जून को नीमच से चली थी। इसी ऐतिहासिक गौरव को स्मरण करते हुए प्रतिवर्ष 3 जून को नीमच गौरव दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर शहर के शहीद स्मारकों, महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं प्रमुख सर्किलों को आकर्षक रूप से सजाया गया।कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता संतोष चोपड़ा, समाजसेवी वासुदेव गर्ग, विधायक प्रतिनिधि निलेश पाटीदार, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रतिनिधि नारायण खंडेलवाल, पार्षद राकेश किलोरिया, रामचंद्र धनगर, मुकेश पोरवाल, दुर्गाशंकर भील, हरगोविंद दीवान, रामलाल ग्वाला, एल्डरमैन शंकर बंसल, चंदू तलरेजा, कार्यालय अधीक्षक कन्हैयालाल शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, एनयूएलएम प्रभारी प्रवीण आर्य, बगीचा शाखा प्रभारी महावीर जैन, इतिहासकार सुरेंद्र सिंह शक्तावत, देवेंद्र सिंह परिहार, चतर सिंह गहलोत, कमलेश नलवाया, अमोद कुमार त्रिपाठी, प्रेम सिंह, रजनीश, भरत गहलोत, महिपाल सिंह चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।







