नीमच।महेन्द्र उपाध्याय।मनासा नगर सहित आसपास के क्षेत्र में शनिवार शाम अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के चलते मनासा-रामपुरा रोड स्थित रतन सिनेमा प्लेक्स भवन की एलीवेशन (एसीबी) भरभराकर नीचे गिर गई। इस हादसे में भवन के नीचे खड़ी कई स्कूटी और बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 5:30 बजे तेज हवा के साथ धूल का गुबार उठ रहा था, इसी दौरान अचानक प्लेक्स की बाहरी संरचना टूटकर नीचे आ गिरी। गनीमत रही कि उस समय वहां लोगों की आवाजाही अपेक्षाकृत कम थी,जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।बताया जा रहा है कि उक्त भवन के प्रथम तल पर एसबीआई बैंक की शाखा भी संचालित होती है, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई।स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सुरक्षा के मद्देनजर मार्ग के एक हिस्से को बंद कर दिया और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया। साथ ही मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अमला तैनात रहा।







