नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।नीमच कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत कनावटी इलाके में एक व्यक्ति द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन करने का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय इमरान पिता बशीर भिश्ती ने अपने घर पर ही सल्फास की गोली निगल ली, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और वे उसे तत्काल गंभीर हालत में देर रात करीब 12 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन हालत नाजुक होने के चलते डॉक्टरों ने उसे तत्काल उदयपुर रेफर कर दिया। उदयपुर स्थित गीतांजलि अस्पताल में इलाज के दौरान इमरान ने दम तोड़ दिया।मृत्यु के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए वापस नीमच जिला अस्पताल लाया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और हर पहलू से मामले की पड़ताल की जा रही है।







