नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में रविवार और सोमवार की मध्यरात्रि एक शातिर चोर ने बेखौफ अंदाज में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे दी। गांधी भवन से गांधी वाटिका मार्ग स्थित सेंट्रल बैंक के सामने संचालित फैशन क्यूएनएक्स शोरूम में चोर निर्माणाधीन भवन का सहारा लेकर दीवार में सेंध मारकर अंदर घुसा और करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी,चांदी के सिक्के सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो गया। पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।शोरूम संचालक शिव माहेश्वरी ने सागर मंथन को बताया कि दुकान के समीप एक भवन का निर्माण कार्य चल रहा है।इसी का फायदा उठाते हुए चोर सीढ़ी के सहारे निर्माणाधीन भवन पर चढ़ा और वहां से दीवार में सेंध लगाकर शोरूम के भीतर प्रवेश कर गया।अंदर पहुंचने के बाद उसने बड़ी इत्मीनान से गल्ले में रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी, चांदी के सिक्के और अन्य सामान समेट लिया। चोरी के बाद वह उसी रास्ते से आसानी से फरार हो गया।सोमवार सुबह जब शोरूम खोला गया तो सामान बिखरा मिला और गल्ले से नकदी गायब थी। चोरी का पता चलते ही संचालक ने तत्काल कैंट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।सागर मंथन सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरी की पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में आरोपी बिना किसी घबराहट के दुकान के अंदर घूमता हुआ दिखाई दे रहा है।बताया जा रहा है कि चोरी के दौरान वह आराम से बिस्किट खाते हुए भी नजर आया, जिससे उसके बेखौफ होने का अंदाजा लगाया जा सकता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर आरोपी की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।घटना की सूचना मिलते ही सीएसपी किरण चौहान, कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, साइबर सेल प्रभारी एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कराई और तकनीकी साक्ष्य एकत्रित किए।पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को सक्रिय किया गया है। वहीं, इस घटना के बाद शहर के व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।







