नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जिले की नीमच तहसील के ग्राम अड़मालिया में शुक्रवार को नक्शा दुरुस्ती की कार्रवाई के दौरान जमीन विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि राजस्व अमले की मौजूदगी में हुए विवाद के दौरान एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायल न्याय की गुहार लगाने सीधे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए।सागर मंथन खून से लथपथ हालत में घायलों को देखकर कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और अधिकारी-कर्मचारी मौके पर एकत्र हो गए।घायल पक्ष के अनुसार राजस्व विभाग की टीम गिरदावर, पटवारी और चौकीदार के साथ गांव में नक्शा दुरुस्ती की कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पड़ोसी खेत के निलेश, गजेंद्र,रमेश तथा उनके परिवार के अन्य सदस्य भी मौके पर आ गए। आरोप है कि कहासुनी के बाद राजस्व अमले की मौजूदगी में ही आरोपियों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए।
हमले में जगदीशदास पिता रामदास, बालकदास पिता जगदीशदास तथा धानसुख पिता बालकदास गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं परिवार के दो अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। घायलों ने आरोप लगाया कि उनके साथ मारपीट कर जान से मारने का प्रयास किया गया।घटना के बाद गंभीर घायल तीनों लोग सीधे जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष न्याय की गुहार लगाई। खून से सने कपड़ों में घायलों को देखकर वहां मौजूद अधिकारी,कर्मचारी और आमजन भी हैरान रह गए। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के पायलट रशेंद्र पटीदार एवं ईएमटी प्रतिमा लोकेश ने घायलों को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया और बाद में जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।सागर मंथन घायल पक्ष ने पड़ोसी खेत के निलेश,गजेंद्र, रमेश सहित अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन विवाद को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था और नक्शा दुरुस्ती की कार्रवाई के दौरान विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनास्थल से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे,उनके आधार पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
नक्शा दुरुस्ती के दौरान खूनी संघर्ष:खून से लथपथ ग्रामीण पहुंचे कलेक्टर कार्यालय, जमीन विवाद में एक ही परिवार के पांच लोग घायल







