नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर में यातायात नियमों की लगातार अनदेखी कर रही एक निजी यात्री बस पर बुधवार को यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई की। बस स्टैंड क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई के दौरान अशोक ट्रेवल्स की बस को ओवरलोडिंग और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के आरोप में जब्त कर थाने पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार परिवहन अधिकारी नंदलाल गामड़ एवं यातायात प्रभारी सोनू बड़गुजर के नेतृत्व में यातायात अमला बस स्टैंड पहुंचा, जहां जांच के दौरान अशोक ट्रेवल्स की बस क्रमांक एनएल 02 बी 3053 नियमों की खुलेआम अवहेलना करती मिली। बस में क्षमता से अधिक उसपर कृषि जीन्स ओवर लोड भरा गया था। वहीं बस की छत पर भी भारी मात्रा में सामान लोड किया गया था,जिससे यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ था। उक्त बस लंबे समय से ओवरलोड संचालन कर रही थी और कई बार नियमों की अनदेखी की शिकायतें भी सामने आ चुकी थीं। बुधवार को मामला अधिकारियों के संज्ञान में आने के बाद मौके पर कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने बस को जब्त कर थाने पहुंचाया, जहां आगे की वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ओवरलोडिंग, छत पर माल परिवहन और यातायात नियमों के उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा नियम अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।समाचार लिखे जाने तक बस थाने में खड़ी थी और विभागीय कार्रवाई जारी थी।







