नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।केन्द्रीय विद्यालय संगठन भोपाल रीजन द्वारा आयोजित जूडो प्रतियोगिता में नीमच के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम गौरवान्वित किया है। यह प्रतियोगिता 28 से 30 अप्रैल 2026 तक केन्द्रीय विद्यालय, ग्वालियर में आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न केन्द्रीय विद्यालयों के चयनित खिलाड़ियों ने भाग लिया। केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 नीमच के 6 प्रतिभावान खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की। इन खिलाड़ियों ने कुल 6 पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें 2 स्वर्ण,3 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं।स्वर्ण पदक विजेताओं में बालक वर्ग 19 वर्ष आयु समूह के -81 किलोग्राम भार वर्ग में मंथन डाबले ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता। वहीं बालिका वर्ग 14 वर्ष आयु समूह के -32 किलोग्राम भार वर्ग में अलवीरा ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।रजत पदक विजेताओं में बालक वर्ग 17 वर्ष आयु समूह के -40 किलोग्राम में जय कुमावत, बालक वर्ग 14 वर्ष आयु समूह के -30 किलोग्राम में रूद्र सरा तथा बालिका वर्ग 14 वर्ष आयु समूह के -36 किलोग्राम में गोरांशी शर्मा ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए रजत पदक प्राप्त किए।इसी प्रकार बालिका वर्ग 17 वर्ष आयु समूह के -44 किलोग्राम भार वर्ग में यतीका वर्मा ने कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।उल्लेखनीय है कि ये सभी खिलाड़ी मुख्य प्रशिक्षक भरत सिंह कुमावत के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम प्रतियोगिता में देखने को मिला। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय और जिले में हर्ष का माहौल है।सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 नीमच के प्राचार्य प्रियदर्शन गर्ग, खेल अधिकारी अनिल यादव सहित समस्त स्टाफ एवं परिजनों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। खिलाड़ियों की इस सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के प्रति प्रेरणा मिलेगी और जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।







