नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।आधार कार्ड से जुड़ी सेवाओं को आमजन तक सहज और सुगम रूप से पहुंचाने के उद्देश्य से डाक विभाग द्वारा आयोजित विशेष एक दिवसीय शिविर शनिवार को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। यह शिविर नीमच प्रधान डाकघर सहित अन्य चयनित डाकघरों में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आधार संबंधी कार्य करवाए।पोस्टमास्टर अमृतलाल खटीक ने सागर मंथन को जानकारी देते हुए बताया कि शिविर के दौरान आधार कार्ड से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। इनमें नए आधार कार्ड बनवाना, नाम, पता, जन्मतिथि में संशोधन, बायोमेट्रिक अपडेट तथा मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी लिंक कराने जैसी सुविधाएं शामिल रहीं। शिविर का मुख्य उद्देश्य लोगों को बार-बार अलग-अलग स्थानों के चक्कर लगाने से बचाना और एक ही दिन में अधिकतम सेवाएं प्रदान करना था।उन्होंने सागर मंथन को बताया कि नीमच प्रधान डाकघर में इस शिविर के लिए 100 लोगों के आधार कार्य का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। विभागीय टीम द्वारा पूरे दिन प्रयास करते हुए अधिक से अधिक लोगों के आधार संबंधी कार्य पूरे किए गए। टोकन व्यवस्था के चलते भीड़ को नियंत्रित रखने में भी सफलता मिली और लोगों को बिना अधिक प्रतीक्षा के सेवाएं मिल सकीं।खटीक ने सागर मंथन को बताया कि शिविर के प्रति लोगों में अच्छा उत्साह देखा गया, हालांकि कुछ लोग विभिन्न कारणों से अपने कार्य नहीं करवा सके। ऐसे सभी वंचित नागरिकों के लिए डाकघर में आधार सेवाएं नियमित रूप से जारी रहेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय समय में प्रतिदिन आधार कार्ड बनाने एवं अपडेट का कार्य निरंतर किया जा रहा है, जिससे कोई भी व्यक्ति अपनी सुविधा अनुसार आकर सेवाओं का लाभ ले सकता है।डाक विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे आधार से जुड़े कार्यों में देरी न करें और समय रहते अपने दस्तावेज अपडेट कराएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।







