नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।आधार कार्ड की बढ़ती आवश्यकता और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डाक विभाग द्वारा नीमच में 25 अप्रैल 2026 को विशेष अभियान आयोजित किया जा रहा है। इस एक दिवसीय शिविर में आधार से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे लोगों को अलग-अलग स्थानों पर भटकना न पड़े।नीमच प्रधान डाकघर और बघाना डाकघर के आधार एनरोलमेंट एवं अपडेशन केंद्रों पर आयोजित इस अभियान के तहत नए आधार कार्ड बनवाने, आधार में नाम, पता या जन्मतिथि जैसी त्रुटियों का सुधार, बायोमेट्रिक अपडेट, मोबाइल नंबर एवं ईमेल आईडी लिंक कराने जैसी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। प्रधान डाकघर के सहायक अधीक्षक दिलीप कुमार गुप्ता ने सागर मंथन को बताया कि वर्तमान समय में आधार कार्ड हर व्यक्ति के जीवन का एक अनिवार्य दस्तावेज बन चुका है। उन्होंने कहा, “आज के दौर में आधार की महत्ता लगातार बढ़ रही है, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण लोग समय पर अपने आधार को अपडेट नहीं करा पा रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए यह विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।”भीड़ को नियंत्रित करने और लोगों को सुविधा देने के लिए 23 और 24 अप्रैल को टोकन वितरण किया जा रहा है,जिन पर समय भी अंकित रहेगा। इससे शिविर के दौरान अव्यवस्था नहीं होगी और लोगों को लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।गुप्ता ने बताया कि यह अभियान केवल नीमच तक सीमित नहीं रहेगा,बल्कि मल्हारगढ़, जावद, खोर सहित अन्य डाकघरों में भी समान रूप से सेवाएं दी जाएंगी। नीमच प्रधान डाकघर में 100 लोगों के आधार कार्य का लक्ष्य रखा गया है, जबकि बघाना, जावद, खोर और मल्हारगढ़ में 50-50 लोगों के कार्य का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। हालांकि, यदि जनप्रतिसाद अच्छा मिलता है तो इस संख्या को बढ़ाया भी जाएगा।उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान में आधार केंद्रों पर अपेक्षाकृत कम लोग पहुंच रहे हैं, इसलिए इस अभियान के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। गुप्ता ने नीमचवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे 25 अप्रैल को अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी आधार संबंधी सभी आवश्यकताओं का समाधान करवाएं।







