Ads Slider

बिंदोरी के दौरान तलवारबाजी मामले में नायक समाज ने किया प्रदर्शन,एसपी कार्यालय पहुंच आरोपियों पर सख्त कार्रवाई व धाराएं बढ़ाने की मांग की

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जेतपुरा में विवाह समारोह की बिंदोरी के दौरान हुई तलवारबाजी और जानलेवा हमले के मामले ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को पीड़ित परिवार ने नायक समाज के लोगों के साथ जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एसपी के नाम ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गंभीर धाराएं जोड़ने की मांग की।ज्ञापन में प्रार्थी अन्तरसिंह नायक ने बताया कि 20 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे उनकी भांजी के विवाह समारोह में बिंदोरी निकल रही थी। इसी दौरान शिव मंदिर के पास आरोपियों ने उनके पुत्र विशाल को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर दूसरा पुत्र नरेन्द्र मौके पर पहुंचा तो उसके साथ भी हमला किया गया। आरोप है कि काना, नारायण, महेन्द्र रावत, गोविन्द, प्रभुसिंह, हिम्मतसिंह, ओमसिंह सहित अन्य लोगों ने लाठी, तलवार और चाकू से दोनों युवकों पर जानलेवा हमला किया।हमले में विशाल की दोनों जांघों पर तलवार से गंभीर चोटें आईं, जिनमें 16-17 टांके लगे हैं, वहीं नरेन्द्र के पीठ और कमर पर भी गहरे घाव हुए हैं और उसे 10-12 टांके आए हैं। दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर ग्रामीण बीच-बचाव नहीं करते तो आरोपियों द्वारा दोनों की हत्या कर दी जाती।पीड़ित परिवार ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने देरी से एफआईआर दर्ज की और केवल तीन आरोपियों के नाम शामिल करते हुए मामूली धाराएं लगाई गईं, जबकि घटना में कई लोग शामिल थे। इसके चलते आरोपियों के हौसले बुलंद हैं और वे लगातार परिवार को धमका रहे हैं। यहां तक कि अस्पताल पहुंचकर रिपोर्ट वापस लेने और जान से मारने की धमकी दी जा रही है।ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि एक आरोपी खुद को आर्मी का जवान बताते हुए पुलिस कार्रवाई से बचने की बात कहकर धमका रहा है। इस स्थिति से पीड़ित परिवार भयभीत है।नायक समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि सभी आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी नहीं की गई, तो समाज उग्र आंदोलन करेगा। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सुरक्षा प्रदान करने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Share This Article