नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों ने भाग लिया और शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।नगर पालिका अधिकारी अर्पणा गिर ने सागर मंथन को जानकारी देते हुए बताया कि भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना स्वच्छ भारत अभियान के तहत शासन से निर्देश प्राप्त हुए थे, जिसके अनुसार सभी कचरा संग्रहण वाहनों की एक रैली निकाली गई। इस रैली का मुख्य उद्देश्य आमजन को यह समझाना था कि वे अपने घरों से निकलने वाले सूखे और गीले कचरे को अलग-अलग रखें और निर्धारित कचरा वाहनों में ही डालें।उन्होंने बताया कि नगर में वर्तमान में 25 डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहन संचालित हो रहे हैं, जो 40 वार्डों में नियमित रूप से सेवाएं दे रहे हैं। रैली की शुरुआत बंगला नंबर 60 स्थित नगर पालिका कार्यालय से हुई, जो विजय ताकोज चौराहा,फव्वारा चौक,अंबेडकर सर्कल एलआईसी चोरहा,सेन सर्कल,होते हुए पुनः कार्यालय पहुंचकर समाप्त हुई।रैली के दौरान स्वच्छता से जुड़े संदेशों का प्रसार किया गया और नागरिकों से अपील की गई कि वे खुले में कचरा फेंकने की प्रवृत्ति को त्यागें।सागर मंथन साथ ही, आगामी स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए शहर को साफ-सुथरा रखने में अपना योगदान दें।नगर पालिका द्वारा यह पहल न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास है, बल्कि नागरिकों को जिम्मेदार बनाकर स्वच्छ शहर के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।







