नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। जिले के जावद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुआखेड़ा निवासी एक 30 वर्षीय युवक द्वारा जहरीले पदार्थ का सेवन किए जाने का मामला सामने आया है। युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय नीमच रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।जिला अस्पताल से प्राप्त जानकारी के अनुसार श्यामलाल पिता बाबूलाल डांगी उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम सुआखेड़ा, थाना जावद ने बुधवार सुबह अज्ञात कारणों के चलते सल्फास की गोलियों का सेवन कर लिया। जहरीले पदार्थ के सेवन की जानकारी मिलने पर परिजनों में हड़कंप मच गया।परिजन तत्काल युवक को उपचार के लिए जावद के शासकीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण उसे बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय नीमच रेफर कर दिया गया।नीमच जिला अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में युवक का इलाज जारी है। समाचार लिखे जाने तक उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी और डॉक्टरों द्वारा लगातार उपचार किया जा रहा था।फिलहाल युवक द्वारा यह कदम उठाए जाने के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजनों ने भी किसी स्पष्ट वजह की जानकारी नहीं दी है।







