Ads Slider

शासकीय पेयजल व्यवस्था से छेड़छाड़, मोटर तोड़कर कुएं में फेंकने का आरोप,सरपंच सचिव ने की कार्यावाही को मांग

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच। महेंद्र उपाध्याय। जिले की जनपद पंचायत जीरन अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटड़ी ईस्तमुरार में शासकीय पेयजल व्यवस्था के साथ छेड़छाड़ और तोड़फोड़ का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना से पूरे गांव की जल आपूर्ति ठप हो गई है,जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोटड़ी ईस्तमुरार स्थित शासकीय पेयजल कुएं पर अरुण सिंह पिता प्रहलाद सिंह परिहार पर मोटर से जुड़े पाइप काटने और मोटर को कुएं के अंदर फेंकने का आरोप लगाया गया है। इसके अलावा स्टार्टर चोरी करने तथा वाटर वाल्व के सामने आग लगाने की शिकायत भी सामने आई है।इस घटना के बाद गांव की पेयजल व्यवस्था पूरी तरह से बाधित हो गई है।ग्राम पंचायत द्वारा दी गई शिकायत में यह भी बताया गया कि संबंधित व्यक्ति ने रात के समय ड्यूटी पर मौजूद वाटरमैन को धमकाया और जान से मारने की धमकी दी। साथ ही कुएं में जहरीला पदार्थ डालने की चेतावनी देने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है।पंचायत का कहना है कि आरोपी पूर्व में भी इस प्रकार की हरकतें कर चुका है और वह शासकीय भूमि व कुएं को अपना निजी बताकर विवाद उत्पन्न करता रहता है। बार-बार की घटनाओं के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।ग्राम पंचायत कोटड़ी ईस्तमुरार के सरपंच एवं सचिव ने कलेक्टर से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा गांव की पेयजल व्यवस्था को शीघ्र बहाल कराने की मांग की है।शिकायत की प्रतिलिपि विधायक, पुलिस अधीक्षक एवं जनपद पंचायत को भी भेजी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का समाधान करने की मांग की है, ताकि गांव में पानी की आपूर्ति पुनः सुचारु रूप से शुरू हो सके।

Share This Article