नीमच। महेंद्र उपाध्याय। सिंधी समाज के आराध्य देव वरुणदेव भगवान श्री झूलेलाल के 1076वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में “चेट्रीचंड्र महोत्सव-2026” पूरे शहर में श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में गठित ‘चेट्रीचंड्र उत्सव समिति’ द्वारा आयोजित यह महोत्सव इस वर्ष भी भव्यता और आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजन स्थानीय श्री भाग्येश्वर महादेव ‘आश्रम’ मंदिर परिसर में संपन्न हुआ।महोत्सव की शुरुआत 15 फरवरी से ही विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ हो गई थी। इस दौरान ‘सिंधी प्रीमियम लीग-2026’ क्रिकेट प्रतियोगिता, नाइट टर्फ क्रिकेट, बैडमिंटन टूर्नामेंट, म्यूजिकल योग शिविर, प्रभात फेरियां, महिलाओं और बच्चों की प्रतियोगिताएं विशेष आकर्षण रहीं। पहली बार आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में रक्तदान, थैलेसीमिया जांच और दंत परीक्षण जैसी सेवाएं भी प्रदान की गईं। वहीं वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।मुख्य आयोजन शुक्रवार, 20 मार्च को हुआ। प्रातः 6:30 बजे भगवान झूलेलाल का अभिषेक, 8 बजे ज्योत जागरण तथा दोपहर 12:15 बजे श्री भोग साहेब का आयोजन हुआ। इसके पश्चात सुबह 9 बजे भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें भगवान आकर्षक डोली में विराजमान होकर लाव-लश्कर के साथ नगर भ्रमण पर निकले। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः आश्रम मंदिर पहुंची, जहां समापन हुआ।इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे मार्ग पर भक्ति का माहौल बना रहा। दोपहर 2 बजे लंगर प्रसादी तथा 3 बजे ठंडाई वितरण किया गया। समापन अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, खान-पान के स्टॉल और पुरस्कार वितरण भी आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजनों ने भाग लेकर महोत्सव को यादगार बना दिया।







