Ads Slider

पश्चिम बंगाल में भाजपा के प्रदर्शन पर नीमच में जश्न, झालमुड़ी बांटकर मनाई जीत

Mahendra Upadhyay
3 Min Read
Oplus_131072

नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी के शानदार प्रदर्शन की खबर सामने आते ही नीमच जिले में उत्सव जैसा माहौल बन गया। जिला मुख्यालय सहित पूरे जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने खुशी जाहिर करते हुए जमकर जश्न मनाया। शहर के फोर ज़ीरो भारत माता चौराहे पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एकत्रित हुए, जहां ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच जीत का उत्सव मनाया गया। कार्यकर्ताओं ने नृत्य करते हुए और आतिशबाजी कर अपनी खुशी का इजहार किया।केवल नीमच शहर ही नहीं, बल्कि मनासा,जावद, सिंगोली, जीरन, कुकड़ेश्वर, नयागांव और रामपुरा सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। जगह-जगह मिठाई बांटकर लोगों को बधाई दी गई और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया गया। पूरे जिले में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला।जश्न की खास बात यह रही कि कार्यकर्ताओं ने पारंपरिक अंदाज में झालमुड़ी खिलाकर एक-दूसरे को बधाई दी। राहगीरों को भी झालमुड़ी वितरित कर इस खुशी में शामिल किया गया। भाजपा के झंडों के साथ सड़कों पर निकले कार्यकर्ताओं ने जमकर नृत्य किया और देशभक्ति के नारों से माहौल गुंजायमान कर दिया। हर चेहरा जीत की खुशी से खिला नजर आया।इस अवसर पर कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा,जिला उपाध्यक्ष आदित्य मालू, वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सेठी, नारायण काबरा,आलोक सोनी, गौरव चोपड़ा, विनीत पाटनी, राजेश अजमेरा, कमल रूपाली और सीताराम ग्वाल सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लिया और एकजुटता का संदेश दिया।भाजपा पदाधिकारियों ने इस प्रदर्शन को केवल चुनावी सफलता नहीं, बल्कि विचारधारा की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम अराजकता, गुंडागर्दी और घुसपैठ के खिलाफ जनता की स्पष्ट प्रतिक्रिया है। साथ ही इसे विकास, सुशासन और सकारात्मक राजनीति पर जनता के भरोसे का प्रतीक बताया।उल्लेखनीय है कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पश्चिम बंगाल में झालमुड़ी खाने का मामला काफी चर्चा में रही थी। नीमच में कार्यकर्ताओं ने उसी को प्रतीकात्मक रूप से दोहराते हुए इस जश्न को और भी खास और यादगार बना दिया।

Share This Article