नीमच। महेन्द्र उपाध्याय। ब्राह्मणों के आराध्य देव भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव के अवसर पर नीमच शहर रविवार को पूरी तरह भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। पंचवटी स्थित बड़े परशुराम धाम के भक्तों द्वारा सुबह एक भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसने पूरे शहर को धर्ममय वातावरण से गुंजायमान कर दिया।रैली में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जो अपने-अपने दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर धर्म ध्वज लहराते हुए “जय परशुराम” के जयघोष कर रहे थे। श्रद्धालुओं का जोश और आस्था देखते ही बन रही थी। रैली एलआईसी स्थित परशुराम महादेव मंदिर से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई पंचवटी धाम पहुंची।पूरे मार्ग में अनुशासन, श्रद्धा और उत्साह का अनूठा संगम देखने को मिला। जगह-जगह नागरिकों ने रैली का स्वागत किया और पुष्पवर्षा कर भक्तों का उत्साह बढ़ाया। रैली में शामिल युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी ने एकजुट होकर धार्मिक आस्था का परिचय दिया। वातावरण में गूंजते जयघोष और लहराते भगवा ध्वजों ने पूरे शहर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।पंचवटी धाम पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान परशुराम जी की विधिवत पूजा-अर्चना कर आरती की और सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पश्चात आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में विद्वान वक्ताओं द्वारा भगवान परशुराम जी के जीवन,उनके पराक्रम, त्याग और आदर्शों पर प्रेरणादायक उद्बोधन दिए ,आयोजन के तहत ब्राह्मण समाज द्वारा समाज के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया। साथ ही 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठजनों को सम्मानित कर उनके सामाजिक योगदान को नमन किया।इस भव्य आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को सुदृढ़ किया, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को भी नई ऊर्जा प्रदान की।







