
नीमच।महेंद्र उपाध्याय। सिंधी समाज के आराध्य देव वरुणदेव भगवान श्री झूलेलाल के 1076वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में “चेट्रीचंड्र महोत्सव-2026” पूरे शहर में भक्ति, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पूज्य सिंधी पंचायत के तत्वावधान में गठित ‘चेट्रीचंड्र उत्सव समिति’ द्वारा आयोजित यह महोत्सव इस वर्ष भी ऐतिहासिक रूप से भव्यता के साथ स्थानीय श्री भाग्येश्वर महादेव ‘आश्रम’ मंदिर परिसर में संपन्न हो रहा है।मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र फतनानी के अनुसार, महोत्सव का शुभारंभ 15 फरवरी को भजन-कीर्तन एवं भगवान झूलेलाल की महाआरती के साथ हुआ था। इसके बाद प्रत्येक रविवार को शहर के विभिन्न झूलेलाल मंदिरों में भक्ति कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे पूरे माहौल में धार्मिक ऊर्जा और उत्साह बना रहा।महोत्सव के अंतर्गत समाज की विभिन्न संस्थाओं द्वारा विविध आयोजन किए गए। ‘सिंधी प्रीमियम लीग-2026’ क्रिकेट प्रतियोगिता,नाइट टर्फ क्रिकेट,बैडमिंटन टूर्नामेंट, म्यूजिकल योग शिविर, प्रभात फेरियां,महिलाओं और बच्चों की प्रतियोगिताएं विशेष आकर्षण रहीं। पहली बार आयोजित नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में रक्तदान,थैलेसीमिया जांच और दंत परीक्षण जैसी सेवाएं भी प्रदान की गईं। वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।मुख्य आयोजन शुक्रवार, 20 मार्च को होंगे। प्रातः 6:30 बजे भगवान झूलेलाल का अभिषेक, 8 बजे ज्योत जागरण तथा दोपहर 12:15 बजे श्री भोग साहेब का आयोजन होगा। इसके पश्चात प्रातः 9 बजे भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा निकलेगी,जिसमें भगवान आकर्षक डोली में विराजित होकर लाव-लश्कर के साथ नगर भ्रमण करेंगे और भक्तों को दर्शन देंगे। शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः आश्रम मंदिर पर समाप्त होगी।दोपहर 2 बजे लंगर प्रसादी और 3 बजे ठंडाई वितरण किया जाएगा। महोत्सव के समापन अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, खान-पान के स्टॉल और पुरस्कार वितरण भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन भाग लेंगे।
*बघाना गुरुद्वारा में भी हर्षोल्लास से मनाया जाएगा चेट्रीचंड्र पर्व*
श्री पूज्य गुरुनानक देव गुरुद्वारा सिंधी पंचायत बघाना में भी भगवान झूलेलाल का जन्मोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। समिति अध्यक्ष महेश मूलचंदानी के अनुसार, प्रातः 7 बजे अभिषेक, शाम 4:30 बजे ज्योत जागरण, 6 बजे चल समारोह, 7:30 बजे भजन-कीर्तन और रात्रि 9 बजे लंगर प्रसादी का आयोजन होगा। समिति ने समाजजनों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।







