नीमच। महेंद्र उपाध्याय।जिला युवा प्रेस क्लब द्वारा रोटरी भवन गोमाबाई रोड स्थित रोटरी क्लब में पत्रकार सम्मान समारोह एवं संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम में राजनीति,प्रशासन और मीडिया जगत के कई प्रमुख लोगों ने भाग लेकर आधुनिक तकनीक, पत्रकारिता की विश्वसनीयता और सामाजिक सरोकारों पर अपने विचार साझा किए।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा ने भविष्य की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा कि आने वाले तीन वर्षों में तकनीक इतनी उन्नत हो जाएगी कि डॉक्टरों को मरीज को हाथ लगाने की भी आवश्यकता नहीं पड़ेगी। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के माध्यम से सटीक जांच,डिजिटल रिपोर्ट और रिमोट मॉनिटरिंग से इलाज संभव होगा।उन्होंने कोरोना काल को याद करते हुए कहा कि उस समय जूनियर डॉक्टरों और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से नीमच में संक्रमण पर प्रभावी नियंत्रण पाया गया था।उन्होंने यह भी कहा कि नीमच के डीएनए में तरक्की है और विकसित राष्ट्र के निर्माण में मीडिया की सकारात्मक भूमिका महत्वपूर्ण है।मनासा विधायक माधव मारू ने कहा कि आज सूचना का दौर बेहद तेज हो गया है, ऐसे में पत्रकारों के सामने विश्वसनीयता बनाए रखना बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि युवा पत्रकारों को वरिष्ठों के अनुभव से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। भाजपा जिलाध्यक्ष पवन पाटीदार ने कहा कि राजनीति और पत्रकारिता दोनों का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति की आवाज बनना है।नगरपालिका अध्यक्ष स्वाति चोपड़ा ने पत्रकारों को प्रशासन और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। वहीं कांग्रेस जिलाध्यक्ष तरुण बाहेती ने कहा कि पत्रकारों के मुद्दों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए और पत्रकारिता का उद्देश्य पीड़ितों को न्याय दिलाना होना चाहिए।संगोष्ठी में वरिष्ठ पत्रकार धर्मेंद्र शर्मा ने तथ्य आधारित पत्रकारिता पर जोर देते हुए कहा कि बिना पुष्टि के खबर प्रकाशित नहीं की जानी चाहिए। पत्रकार सुरेश सन्नाटा ने कहा कि पत्रकारिता में सच को सामने लाना ही सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। दिनेश प्रजापति ने टीआरपी की दौड़ में प्रमाणिकता बनाए रखने की बात कही,जबकि कपिल चौहान ने पत्रकार सुरक्षा कानून की आवश्यकता पर जोर दिया।कार्यक्रम के दौरान जिले के वरिष्ठ पत्रकारों धर्मेंद्र शर्मा, सुरेश सन्नाटा, दिनेश प्रजापति, संजय यादव, संजय जोशी, राजेश मानव, कृष्ण शर्मा, हरीश अहीर, मुकेश सहरिया और कमलकांत जोशी का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। आयोजन समिति ने अतिथियों को आस्था स्वरूप मां भादवामाता की तस्वीर भी भेंट की।यातायात पुलिस अधिकारी सोनू बडगुर्जर ने सड़क सुरक्षा का संदेश देते हुए पत्रकारों को हेलमेट वितरित किए और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की। कार्यक्रम में जिला युवा प्रेस क्लब अध्यक्ष राकेश मालवीय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।







