नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।इन दिनों बढ़ती गर्मी के बीच अफीम किसानों द्वारा फसल को सुरक्षित ओर ठंडक पहुचाने के लिए एक अनोखा प्रयोग सामने आया है। अफीम की तैयार फसल को तेज गर्मी से बचाने के लिए किसान खेतों में जंबो कूलर लगाकर फसल को ठंडक पहुंचा रहे हैं। इस अनोखे प्रयास का वीडियो भी इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लोग काफी आश्चर्य के साथ देख रहे हैं।जानकारी के अनुसार जिले में इन दिनों अफीम की फसल पूरी तरह पककर तैयार हो चुकी है और किसानों द्वारा लूनी चिराई का कार्य किया जा रहा है। इसी दौरान तापमान बढ़ने से अफीम के पौधों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना रहती है। ऐसे में कुछ किसानों ने फसल के आसपास एक-दो नहीं बल्कि चार से पांच जंबो कूलर लगाकर ठंडी हवा का प्रबंध किया है, ताकि पौधों को अत्यधिक गर्मी से बचाया जा सके।किसानों का कहना है कि अधिक तापमान होने पर अफीम के डोडों में नमी कम हो जाती है, जिससे लूनी (अफीम का लेटेक्स) के निकलने पर असर पड़ सकता है।सागर मंथन कूलर की ठंडी हवा से आसपास का वातावरण ठंडा रहता है, जिससे डोडों में नमी बनी रहती है और लूनी की गुणवत्ता व मात्रा दोनों बेहतर मिलती है।गौरतलब है कि अब तक गर्मी से राहत पाने के लिए इंसानों द्वारा कूलर और एसी का उपयोग किया जाता रहा है, लेकिन संभवतः यह पहला मामला है जब किसानों ने अपनी फसल को ठंडक पहुंचाने के लिए खेत में जंबो कूलर का सहारा लिया है। यही कारण है कि इस अनोखे प्रयोग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।सागर मंथन







