Ads Slider

नीमच से सांवलिया सेठ धाम के लिए दूसरी भव्य पैदल यात्रा 4 फरवरी को,3 को होगी विशाल भजन संध्या

Mahendra Upadhyay
2 Min Read

नीमच। महेंद्र उपाध्याय।नीमच से श्री सांवलिया सेठ धाम, मंडफिया के लिए दूसरी भव्य पैदल यात्रा का आयोजन आगामी 4 फरवरी 2026 को श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ किया जा रहा है। यह पावन यात्रा प्रातः 8 बजे लायंस पार्क चौराहा, नीमच से रवाना होगी। यात्रा को लेकर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उल्लास देखने को मिल रहा है।इस भव्य पैदल यात्रा को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से बुधवार को श्री सांवलिया भक्त मंडल द्वारा श्री किलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में यात्रा मार्ग, ठहराव स्थल, जलपान व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा प्रबंध तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। आयोजकों ने बताया कि यात्रा के दौरान अनुशासन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।


बैठक में समाजसेवी अशोक अरोरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने यात्रा की सफलता के लिए हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।वहीं समाजसेवी एवं आयोजक अरूल अशोक अरोरा ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर भक्ति, संयम और उत्साह के साथ पैदल यात्रा में सहभागिता करने का आह्वान किया।यात्रा को और अधिक भव्य एवं आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान करने के लिए आयोजन से एक दिन पूर्व 3 फरवरी 2026 को एक भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस भजन संध्या में राजस्थान के बाड़मेर से पधार रहे प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा अपने सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां देंगे।समिति “चलो सांवलिया जी…” के जयघोष के साथ यात्रा को ऐतिहासिक बनाने की तैयारियों में जुटी हैं। यह पैदल यात्रा आस्था, भक्ति और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण बनेगी।

Share This Article