नीमच। महेन्द्र उपाध्याय।शहर के उपनगर बघाना स्थित प्रसिद्ध श्री रानी सती दादी धाम मंदिर में रविवार को तृतीय वार्षिकोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस विशेष अवसर पर मंदिर ट्रस्ट बघाना के पदाधिकारियों द्वारा विविध धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की गई, जिसमें सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। दिल्ली और कोलकाता से आए कारीगरों द्वारा सजाया गया दिव्य एवं भव्य दरबार श्रद्धालुओं के लिए मुख्य आकर्षण बना हुआ है। मंदिर परिसर को आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और रंग-बिरंगी सजावट के साथ सुसज्जित किया गया है, जिसने पूरे वातावरण को आध्यात्मिकता से भर दिया है।रविवार सुबह विधिवत पूजन के साथ उत्सव की शुरुआत हुई, तत्पश्चात ध्वजा चढ़ाई गई। भक्तों ने दादीजी के समक्ष हाजिरी लगाते हुए परिवार, समाज और देश की खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम के दूसरे चरण में शाम 7.30 बजे से मंदिर प्रांगण में दिव्य दरबार सजाया जाएगा। दरबार में भव्य भजन संध्या का आयोजन विशेष आकर्षण रहेगा, जिसमें देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक नम्रता करवा (मुंबई) और मूलचंद बजाज (कोलकाता) सुमधुर भजनों की प्रस्तुति देंगे। उनकी मनभावन प्रस्तुतियां कार्यक्रम को भक्ति रस से सराबोर करेंगी।इसके साथ ही छप्पन भोग का नैवेद्य, पुष्पवर्षा और अखंड ज्योत आयोजन की भव्यता में चार चांद लगाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए यह उत्सव आस्था, भक्ति और उत्साह का अनूठा संगम प्रस्तुत कर रहा है। मंदिर ट्रस्ट ने सभी भक्तों से समय पर पहुंचकर कार्यक्रम की आध्यात्मिक अनुभूति लेने का आग्रह किया है।







